Bollywood Mystery Deaths: आज भी नहीं सुलझ पाई बॉलीवुड के इन सितारों की मौत की गुत्थी, दिव्या भारती से लेकर श्री देवी की मौत बनीं हुई है राज

Bollywood Mystery Deaths

Bollywood Mystery Deaths: यह खबर सुनकर हर किसी को बड़ा झटका लगा है। मशहूर मॉडल और एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला, जिन्हें लोग ‘कांटा लगा’ गर्ल के नाम से भी जानते हैं, अब हमारे बीच नहीं रहीं। महज 42 साल की उम्र में उनका इस तरह से दुनिया छोड़ जाना वाकई हैरान करने वाला है।

शुरुआत में ये खबर आई थी कि शेफाली की मौत कार्डिएक अरेस्ट यानी दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुई है। लेकिन पुलिस ने साफ कहा कि अभी मौत की असल वजह सामने नहीं आई है। वैसे शेफाली ही नहीं, बॉलीवुड में कई ऐसे सेलेब्स रहे हैं जिनकी मौत आज भी मिस्ट्री बनी हुई है। उनके जाने की कहानी में इतने सवाल हैं जिनका जवाब आज तक किसी को नहीं मिल सका।

ऐसे ही कुछ नामों की अगर बात करें तो सबसे पहला नाम दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का आता है। उनकी मौत को लेकर आज भी कई थ्योरीज और सवाल उठते हैं। किसी ने इसे सुसाइड कहा, तो किसी ने हत्या का शक जताया, लेकिन सच्चाई आज भी साफ नहीं हो पाई। आज हम आपको ऐसे ही कुछ सितारों के नाम बताने जा रहें है जिनकी मौत का कारण आज के समय में भी एक राज ही बनकर रह गया हैं।

Divya Bharti

दिव्या भारती का नाम आते ही आज भी लोगों के दिलों में वही चमक नजर आती है। इतनी कम उम्र में उन्होंने वो मुकाम बना लिया था, जिसके लिए बड़े-बड़े स्टार्स सालों मेहनत करते हैं। महज 2-3 साल के करियर में दिव्या भारती ने जो पहचान बनाई, वो अपने आप में बड़ी बात थी।

उनकी खूबसूरती की मिसाल आज भी दी जाती है। लोग आज भी सोशल मीडिया पर उनकी पुरानी Photos और Videos शेयर करते रहते हैं। लेकिन जितनी तेजी से उनका करियर चमका, उतनी ही जल्दी एक दुखद खबर ने सबको हिला दिया।
5 अप्रैल 1993 का दिन, जब अचानक खबर आई कि दिव्या भारती नहीं रहीं। बताया गया कि वो अपने घर की बालकनी से गिर गईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

कहा गया कि उस वक्त वो नशे में थीं और ये एक एक्सीडेंट था। लेकिन सवाल यहां खत्म नहीं होते। उनकी मौत को लेकर आज भी कई बातें सामने आती हैं। कुछ लोग मानते हैं कि ये कोई साजिश थी, तो कुछ इसे एक हादसा मानते हैं। पुलिस ने इसे एक्सीडेंटल डेथ बताया, लेकिन फैन्स और कई लोगों के दिल से ये शक कभी खत्म नहीं हुआ।

Sridevi

श्रीदेवी, जो 80s और 90s में बॉलीवुड की सबसे बड़ी सुपरस्टार थीं, उनकी मौत ने हर किसी को चौंका दिया था। 24 फरवरी 2018 को दुबई के एक होटल में उनकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। यह खबर जब आई तो किसी को यकीन ही नहीं हुआ कि जो एक दिन पहले तक जिंदा थीं, वो अचानक चली गईं।

दुबई पुलिस की रिपोर्ट में बताया गया कि श्रीदेवी की मौत बाथटब में डूबने से हुई थी। साथ ही ये भी कहा गया कि उनके शरीर में अल्कोहल की मात्रा पाई गई थी। लेकिन इतनी बड़ी एक्ट्रेस की इस तरह की मौत पर लोगों ने कई सवाल खड़े किए। कुछ लोगों ने शक जताया कि कहीं इसमें उनके पति बोनी कपूर का तो कोई हाथ नहीं, क्योंकि जिस समय ये हादसा हुआ, बोनी कपूर भी वहीं होटल में मौजूद थे।

वहीं कई मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा भी किया गया कि श्रीदेवी ने उस दिन शराब पी रखी थी, जिससे वो अपना बैलेंस खो बैठीं और बाथटब में गिर गईं। हालांकि इन सभी अटकलों के बावजूद इस मामले की पूरी सच्चाई कभी सामने नहीं आई। ना ही कोई पक्के सबूत मिले और ना ही कोई ठोस जांच का नतीजा। इसी वजह से श्रीदेवी की मौत आज भी रहस्य बनी हुई है, जिस पर चर्चा रुकने का नाम नहीं लेती।

उनकी मौत ने ना सिर्फ उनके परिवार बल्कि करोड़ों फैंस को सदमे में डाल दिया था। जो लोग उन्हें बचपन से फिल्मों में देखते आए थे, उनके लिए ये खबर किसी बुरे सपने से कम नहीं थी।

Parveen Babi

परवीन बॉबी 70s और 80s के दौर की सबसे पॉपुलर और हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस में गिनी जाती थीं। उन्होंने अमिताभ बच्चन, विनोद खन्ना, शशि कपूर जैसे बड़े स्टार्स के साथ सुपरहिट फिल्में दीं और अपनी खूबसूरती के साथ-साथ एक्टिंग से भी लाखों दिलों पर राज किया। लेकिन जितनी चमकदार उनकी फिल्मी दुनिया थी, उनकी पर्सनल लाइफ उतनी ही परेशानियों से भरी रही।

परवीन बॉबी की मौत का मामला आज भी रहस्य बना हुआ है। हैरानी की बात ये थी कि जब उनकी मौत हुई तो किसी को भी इसकी भनक तक नहीं लगी। तीन दिन बाद जब उनके घर से बदबू आने लगी, तब पड़ोसियों ने पुलिस को खबर दी। जब दरवाजा तोड़ा गया तो उनका शव घर में सड़ी हुई हालत में मिला।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ किया गया था कि उनकी मौत मल्टिपल ऑर्गन फेलियर यानी शरीर के कई अंगों के फेल होने से हुई थी। रिपोर्ट में ये भी सामने आया कि उनके पेट में कोई खाना नहीं था, जिससे अंदाजा लगाया गया कि उन्होंने कई दिनों से खाना नहीं खाया था। हालांकि, इस घटना को लेकर आज भी लोगों के मन में कई सवाल हैं।

कुछ लोग इसे नेचुरल डेथ मानते हैं तो कुछ इसके पीछे गहरी साजिश की बातें करते हैं। परवीन बॉबी का पूरा मामला अब भी अनसुलझा है और यही वजह है कि उनकी कहानी जब भी सुनाई जाती है, दिल में एक कसक छोड़ जाती है।

Guru Dutt

गुरु दत्त का नाम भारतीय सिनेमा में किसी पहचान का मोहताज नहीं है। वो ना सिर्फ शानदार निर्देशक और अभिनेता थे, बल्कि उनकी फिल्में आज भी क्लासिक मानी जाती हैं। लेकिन उनकी मौत की कहानी आज भी उतनी ही रहस्यमयी है, जितनी उस दौर में थी।

कहने को उनकी मौत का कारण ज्यादा शराब पीना और नींद की गोलियां लेना बताया जाता है। लेकिन सच्चाई क्या थी, ये कोई साफ-साफ नहीं कह पाया। कुछ लोग मानते हैं कि उन्होंने जानबूझकर खुद की जिंदगी खत्म कर ली, जबकि उनके परिवार, खासकर उनके भाई, इस बात को हमेशा नकारते रहे हैं।

गुरु दत्त की पर्सनल लाइफ भी कम फिल्मी नहीं रही। उनका रिश्ता और शादीशुदा जिंदगी हमेशा चर्चा में रही। कई बार खबरें आईं कि वो निजी जिंदगी में बहुत अकेले और दुखी थे। लेकिन हैरानी की बात ये है कि जिस रात उनकी मौत हुई, उसी दिन उन्हें अपने बच्चों से भी मिलने का प्लान था।

ऐसे में ये सवाल उठना लाजमी है कि अगर वो अपनी जिंदगी खत्म करने का सोच रहे होते, तो क्या वो बच्चों से मिलने का वादा करते, यही सब बातें उनकी मौत को और ज्यादा सवालों के घेरे में ले आती हैं। कुछ लोग मानते हैं कि वो डिप्रेशन में थे, तो कुछ इसे एक दर्दनाक हादसा मानते हैं। लेकिन आज तक कोई पक्की वजह सामने नहीं आ सकी।

Sushant Singh Rajput

सुशांत सिंह राजपूत बॉलीवुड के सबसे टैलेंटेड और स्मार्ट एक्टर्स में से एक माने जाते थे, उनकी मौत को अब पांच साल बीत चुके हैं, लेकिन लोग आज भी उसे भूल नहीं पाए हैं। 14 जून 2020 को सुशांत का शव उनके मुंबई वाले फ्लैट में पंखे से लटकता मिला था। इस खबर ने हर किसी को हिला कर रख दिया।

शुरुआत में पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला बताया। फिर मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच की गई। आखिर में सीबीआई ने भी इसे सुसाइड ही करार दिया। लेकिन सवाल यहीं खत्म नहीं होते। जो लोग सुशांत को करीब से जानते थे, उनका ये कहना है कि वो बहुत ही पॉजिटिव सोच वाले इंसान थे और वो कभी ऐसी कोई कदम नहीं उठाते।

सोशल मीडिया पर भी आज तक लोग यही चर्चा करते हैं कि सुशांत की मौत के पीछे कोई गहरी साजिश हो सकती है। इस केस में रिया चक्रवर्ती, जो सुशांत की गर्लफ्रेंड थीं, उन पर भी काफी सवाल उठे। मीडिया ट्रायल, सोशल मीडिया पर बवाल और लोगों के गुस्से ने इस केस को और भी हाईलाइट कर दिया। हालांकि जांच के बाद रिया पर कोई सीधा आरोप साबित नहीं हुआ और केस को बंद कर दिया गया।

Jiah Khan

जिया खान, जो एक उभरती हुई बॉलीवुड अभिनेत्री थीं, उन्होंने 3 जून 2013 को मुंबई के जुहू इलाके में अपने फ्लैट में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। उनकी मौत की खबर सुनकर पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस हैरान रह गए थे। लेकिन जिया की मौत सिर्फ एक साधारण सुसाइड केस नहीं रहा। उनकी मौत के बाद कई ऐसे सवाल उठे, जो आज तक लोगों के मन में घूम रहे हैं।

खासकर उनके परिवार ने साफ तौर पर कहा था कि जिया ने खुदकुशी नहीं की, बल्कि इसके पीछे कुछ और सच्चाई छुपी है।
सबसे ज्यादा उंगलियां अभिनेता सूरज पंचोली की तरफ उठीं। सूरज उस वक्त जिया के करीब थे और दोनों के रिलेशनशिप की भी खूब चर्चा थी।

जिया की मां ने सूरज पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद सूरज के खिलाफ केस भी दर्ज हुआ। ये मामला कोर्ट-कचहरी तक पहुंचा, लेकिन सालों तक चले मुकदमे के बाद आखिरकार सूरज पंचोली को कोर्ट से राहत मिल गई। कोर्ट ने सबूतों की कमी के चलते सूरज को बरी कर दिया। फिर भी, जिया खान की मौत आज भी एक रहस्य बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *