Urmila Bhatt: बेहद दर्दनाक तरीके से हुआ था इस अभिनेत्री का मर्डर, घर में खून से लथपथ मिली थी लाश

Urmila Bhatt

Urmila Bhatt: रामानंद सागर की ‘रामायण’ सिर्फ एक टीवी शो नहीं था, बल्कि उस दौर में ये लोगों की आस्था और भावना का हिस्सा बन गया था। 80 के दशक में जब ये शो टेलीविजन पर आया, तो हर रविवार को सड़कों पर सन्नाटा छा जाता था, क्योंकि लोग अपने घरों में बैठकर इसे देखना नहीं छोड़ते थे।

इस शो के किरदारों को दर्शकों ने इतना अपनाया कि उन्हें असली भगवान और देवी-देवताओं जैसा मान-सम्मान मिलने लगा। इसी ऐतिहासिक शो में एक खास किरदार था माता सीता की मां, महारानी सुनैना। इस रोल को निभाया था मशहूर एक्ट्रेस उर्मिला भट्ट ने।

उनकी सादगी और अभिनय ने दर्शकों के दिल जीत लिए थे। उनके चेहरे की शांति और संवादों की गंभीरता ने उस किरदार को यादगार बना दिया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जो एक्ट्रेस उस वक्त करोड़ों लोगों की पसंद बनी थीं, उनकी मौत बेहद दर्दनाक तरीके से हुई थी। साल 1997 में उर्मिला भट्ट की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि कुछ लोग उनके घर में घुसे और उन्हें मार डाला। ये खबर सुनकर उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री दोनों सदमे में चले गए थे।

बेहद दर्दनाक तरीके से हुई थी हत्या

उर्मिला भट्ट की हत्या की कहानी सुनकर कोई भी हैरान रह जाएगा, क्योंकि उन्होंने अपने करियर में जितनी सादगी और शांति से जिंदगी जी, उनका अंत उतना ही खौफनाक था। 22 फरवरी 1997 का दिन था। उर्मिला भट्ट उस वक्त राजकोट स्थित अपने घर में अकेली थीं। उस दोपहर कुछ अनजान लोग उनके घर में दाखिल हुए।

ना तो किसी को शक हुआ, ना ही आसपास किसी ने कुछ अजीब महसूस किया। वो लोग चोरी के इरादे से आए थे, लेकिन बात वहीं नहीं रुकी। उर्मिला को उन्होंने बंधक बना लिया। उनके हाथ-पैर रस्सियों से बांध दिए और फिर बेहद बेरहमी से, धारदार हथियार से उनका गला काट दिया गया। ये वारदात सुनकर साफ था कि हत्यारे न सिर्फ बेखौफ थे, बल्कि बेहद क्रूर भी।

खून से लथपथ मिला था अभिनेत्री का शव

पुलिस जब उर्मिला भट्ट के घर पहुंची तो देखा कि घर पूरी तरह बिखरा हुआ था और उर्मिला भट्ट की बॉडी खून से लथपथ पड़ी थी. ये नजारा इतना डरावना था कि आस-पड़ोस के लोग भी सदमे में आ गए. कहा गया कि उनके घर से जेवर, कैश और कीमती सामान गायब था।

सबको लगा कि ये एक सिम्पल लूट और मर्डर केस होगा, जो जल्दी सुलझ जाएगा। लेकिन हैरानी की बात ये है कि इतने साल बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। न कोई पुख्ता सबूत मिले, न ही कोई गिरफ्तारी हो पाई। मामले की जांच में कई एंगल्स पर काम हुआ घरेलू नौकर से लेकर किसी नजदीकी इंसान तक को शक के घेरे में लिया गया, लेकिन किसी के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला।

तबस्सुम ने सुनाया था यह किस्सा

तबस्सुम ने अपने मशहूर शो ‘तबस्सुम टॉकीज’ में जब उर्मिला भट्ट की दर्दनाक मौत का ज़िक्र किया, तो हर किसी का दिल दहल गया था। उन्होंने उस घटना की इतनी सच्चाई और भावनाओं के साथ बात की कि सुनने वाले भी सन्न रह गए। तबस्सुम जी ने बताया था कि उर्मिला भट्ट की हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी।

उन्हें रस्सियों से बांधा गया और फिर गले व शरीर पर धारदार हथियारों से कई वार किए गए। ये सिर्फ एक हत्या नहीं थी, बल्कि इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात थी। उर्मिला भट्ट उस दौर की एक जानी-मानी और टैलेंटेड एक्ट्रेस थीं, जिन्होंने थिएटर, टीवी और फिल्मों में अपनी गहरी छाप छोड़ी थी। ऐसे में उनकी इस तरह की दर्दनाक मौत ने इंडस्ट्री को गम और सदमे में डाल दिया था।

उर्मिला ने किया था इन फिल्मों में काम

उर्मिला भट्ट का फिल्मी सफर बहुत दिलचस्प रहा है। बचपन से ही उन्हें संगीत और अभिनय का शौक था, और इसी जुनून ने उन्हें रंगमंच से लेकर फिल्मों तक पहुंचा दिया। शुरुआत उन्होंने एक फोक डांसर के रूप में की थी, जहां उन्होंने पारंपरिक नृत्य के जरिए अपनी पहचान बनाई।

धीरे-धीरे उन्होंने गुजराती और राजस्थानी फिल्मों में एक्टिंग करना शुरू किया, जहां उनकी परफॉर्मेंस को खूब सराहा गया। इन रीजनल फिल्मों में काम करते हुए उर्मिला ने अपनी एक्टिंग स्किल्स को और भी निखारा। इसके बाद उनका रुख बॉलीवुड की ओर हुआ।

हिंदी सिनेमा में उन्होंने कई अहम किरदार निभाए। उनकी आखिरी फिल्म थी ‘पापी देवता’, जिसमें उन्होंने मशहूर एक्टर धर्मेंद्र की मां का रोल निभाया था। ये रोल भले ही आखिरी था, लेकिन दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *